ताखा। एक खेत में आलू की खोदाई कर रहे एक बटाईदार किसान की मौत हो गई। भाई ने हत्या का शक जताया है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस छानबीन कर रही है।
ऊसराहार थाना क्षेत्र के उदयपुर कला निवासी देवेंद्र यादव उर्फ बबलू (40) पुत्र कोमल सिंह बटाईदार किसान थे। सोमवार को खेत मालिक गुंदेला निवासी भूरे यादव के खेतों में मजदूरों के साथ आलू की खोदाई कर रहे थे।
खेत में वह अचेत होकर गिरा। देवेंद्र के परिजन इलाज के लिए सरसई नावर सीएचसी लेकर गए। वहां हालत नाजुक होने पर उसे पीजीआई सैफई रेफर कर दिया गया। वहां ले जाते समय मौत हो गई।
देवेंद्र के भाई प्रदीप यादव ने खेत मालिक पर हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि खेतों में काफी मात्रा में आलू होने पर भूरे यादव आलू की बटाई नहीं कर रहा था। देवेंद्र अपने हिस्से का आलू मांग रहा था।
इसी बात को लेकर एक दिन पहले ही देवेंद्र की पिटाई की गई थी। देवेंद्र सोमवार को फिर लेबर लेकर आलू की खोदाई कराने गया था, उस समय वह बिल्कुल ठीक था।
थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक के भाई ने खेत मालिक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है जांच की जा रही है।