इटावा/भरथना। कुंअरा गांव में शनिवार रात रेलवे लाइन पर युवक का शव पड़ा मिला। भाई ने गांव के दो लोगों पर पिटाई कर हत्या करने और शव रेलवे लाइन पर फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कुंअरा गांव का सुनील (25) पुत्र स्व. ज्ञान सिंह मजदूरी करता था। शनिवार रात करीब डेढ़ बजे उसका शव गांव के पास डीएफसी रेलवे लाइन पर पड़ा मिला। भाई शिवम ने बताया कि एक ग्रामीण ने दो साल पहले सुनील से 35 हजार रुपये उधार लिए थे। वह रुपये वापस नहीं कर रहा था। रविवार रात रुपये मांगने पर ग्रामीण ने साथी के साथ सुनील की पिटाई की।
पिटाई में उसकी मौत हो गई। आत्महत्या दिखाने के लिए शव को रेलवे लाइन पर फेंक दिया। ग्रामीणों ने बताया कि सुनील शराब का लती था। नशे में रेलवे ट्रैक की ओर गया था। भरथना थाना प्रभारी केएल पटेल ने कहा कि हत्या और आत्महत्या दोनों मामलों में जांच की जा रही है।