लवेदी थाना क्षेत्र के ग्राम बसैयाहार गांव निवासी युवक शुक्रवार से लापता है। युवक गांव से कोल्ड स्टोर जाने के लिए निकला था। इसके बाद घर नहीं लौटा। गांव से एक किमी पहले रास्ते में खून पड़ा था। उसकी बाइक भी पड़ी मिली। युवक ने ही रात में यूपी 100 पर सूचना दी थी। पुलिस के पहुंचने पर युवक वहां नहीं मिला। बाइक व खून पुलिस को मिला। पुलिस उसके घर पहुंची। युवक के भाई ने आधा दर्जन लोगों के विरुद्ध प्रार्थनापत्र दिया है। परिजन अपहरण कर हत्या की आशंका जता रहे हैं।
ग्राम लवेदी निवासी प्रमोद तिवारी का पुत्र सोनू उर्फ संदीप शुक्रवार दोपहर कोल्ड स्टोरेज गया था। शाम तक घर नहीं आया। सोनू के भाई कुलदीप ने थाने में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि रात साढ़े दस बजे उसके घर पर पहुंची पुलिस ने बताया कि उग्रपुरा गांव के पास रास्ते में एक बाइक पड़ी है। वहां चलकर उसकी पहचान करो। पुलिस के साथ वहां पहुंचे तो बाइक उसके भाई सोनू की निकली। वहां पर काफी खून भी पड़ा था। पुलिस को दो लाकेट पड़े मिले। एक खून सना ईंट का टुकड़ा भी पड़ा मिला।
सोनू ने ही रात्रि में यूपी 100 पर मोबाइल फोन से कुछ लोगों द्वारा उसको मारने-पीटने की सूचना भी दी थी। करीब आधे घंटे बाद उसी सूचना पर पुलिस पहुंची तो सोनू नहीं मिला। पुलिस को बाइक और खून पड़ा मिला था। उसका फोन भी स्विच आफ था। मोबाइल फोन की एक बैटरी भी वहां पड़ी मिली। सोनू ने रात्रि में कस्बा लखना में एक होटल पर खाना खाया था। वहां पर खाने के पैसे के लेनदेन में होटल के कारीगरों से विवाद भी हो गया था। आरोपियों में होटल का मालिक का नाम भी है। सूचना मिलने पर लवेदी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। जब कोई युवक पुलिस को नहीं मिला तो पुलिस सामान के आधार पर सोनू के घर पहुंची थी। सोनू के भाई ने पुलिस को बताया कि पुलिस के आने से कुछ देर पहले आधा दर्जन से अधिक लोग उसके घर पर आकर सोनू को पूछ रहे थे। गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दे गए थे। रात्रि में पुलिस और सोनू के घर के लोग उसकी खोज करते रहे लेकिन कोई पता नहीं चला। शनिवार सुबह थाना पुलिस क्राइम ब्रांच टीम व सीओ भरथना मौके पर पहुंचे।
भाई कुलदीप ने आधा दर्जन नामजद व तीन अज्ञात लोगों के विरुद्ध पुलिस को उसके अपहरण कर ले जाने व हत्या कर शव को गायब कर देने की आशंका जताते हुए प्रार्थना पत्र दिया है। पुलिस ने चार आरोपियों हिरासत में ले लिया है। लापता युवक एक सीमेंट कंपनी में काम करता है। थानाध्यक्ष लवेदी सुशील योगी ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिला है। मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान मामले के पीछे प्रधानी चुनाव की रंजिश की बात भी सामने आ रही है।