थाने में तैनात एक सिपाही को बाजार से लौटते समय कुछ युवकों ने पीट दिया। इन युवकों के गांव आशानंदपुर के होने के शक में पुलिस ने वहां छापा मारा और एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर दी। जिससे लोगों मेें आक्रोश पैदा हो गया। ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर नारेबाजी की। मारपीट करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बसरेहर थाने में तैनात सिपाही सुनील कुमार सादी वर्दी में रविवार शाम करीब करीब 6 बजे बाजार करने गया था। जब वह वापस आ रहा था रहा था तभी रास्ते में उसे कुछ युवकों ने रोक लिया और उसके साथ मारपीट कर दी। मारपीट के बाद सिपाही थाने पहुंचा और ये बात साथियों को बताई। उनको शक था कि सुनील के साथ मारपीट करने वाले गांव आशानंदपुर के युवक हैं। इस पर उसके साथी गांव पहुंच गए और लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस द्वारा की गई मारपीट में गांव के ही सतीश कुमार पुत्र राम स्वरूप के पैर में चोट आ गई। इससे लोगों में आक्र ोश पैदा हो गया। उधर पुलिस कर्मी भी थाने वापस आ गए। ग्रामीण थाने पहुंच गए और उन्होंने घेराव कर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों की मांग थी कि बेवजह लोगों के साथ मारपीट करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। आसपास के थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। प्रभारी निरीक्षक बसरेहर उदयभान सिंह यादव ने बताया कि सिपाही के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर दी थी। जिसका लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कर दिया गया है।