बकेवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाइवे पर टिली टिला के पास मौरंग लेकर औरैया की ओर जा रहे ट्रक का टायर अचानक फट गया। टायर फटने से ट्रक बेकाबू होकर दूसरी साइड में चला गया और वहां ट्रक के पास खडे होकर बातें कर रहे लोगों को रौंदकर ट्रक से टकरा गया। हादसे में ट्रक की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गया। ट्रक से टकराने से मौरंग लेकर जा रहे ट्रक के चालक व हेल्पर भी घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल भिजवाया। आक्रोशित लोगों ने जाम लगा दिया। बाद में पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर जाम खुलवाया।
क्षेत्र के गांव बम्होरा निवासी आशीष पुत्र सुरेंद्र सिंह कंटेनर का चालक है। वह अपने साथी चालक जितेंद्र (35) पुत्र मुंशीलाल व हेल्पर संतोष निवासी कुठौंद के साथ कंटेनर लेकर कानपुर की ओर से आ रहा था। उसने अपने कंटेनर को टिली टिला के पास सड़क के किनारे खड़ा कर लिया। आशीष के गांव का सुखलाल (50) पुत्र छोटेलाल भी उससे मिलने के लिए आया था। सभी लोग ट्रक के पास खडे़ होकर बातचीत करने लगे ।
तभी इटावा की ओर से मौरंग लादकर जा रहे एक ट्रक का अचानक टायर फट गया और डिवाइडर को तोड़ता हुआ दूसरी साइड में बातचीत करते लोगों को रौंदता हुआ कंटेनर से टकरा गया। हादसे में सुखलाल व जितेंद्र की मौत हो गई जबकि आशीष व संतोष ट्रक की चपेट में आने से घायल हो गए। इसके अलावा मौरंग लदे ट्रक का चालक महेश, प्रदीप पुत्रगण राम नरेश निवासी पिनाहट जिला आगरा घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने जाम लगा दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी भिजवाया। वहां से उन्हें डॉक्टरों ने जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल के डाक्टरों ने जितेंद्र व सुखलाल के मरने की पुष्टि कर दी। अन्य घायलों को भर्ती कर लिया।
------