कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला साबितगंज में मंगलवार को एक धार्मिक यात्रा के दौरान कुछ युवकों के पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाने से दो पक्षों में मारपीट हो गई। दो समुदायों के आमने सामने आने से पुलिस प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। दुकानें बंद होने लगीं। आनन फानन में पुलिस और पीएसी बल शहर की सड़कों एवं चौराहों पर तैनात कर दिया गया। इस बीच दोनों समुदायों के जिम्मेदार लोगों ने सूझबूझ का परिचय देकर माहौल को शांत कराया।
मंगलवार को शहर में विश्वनाथ मंदिर से श्रीराम विजय यात्रा निकाली गई। हिंदू सेवा समिति की इस यात्रा मेें शामिल होने के लिए सुबह से ही युवा बाइकों पर झंडा लगाकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आना शुरू हो गए। वहीं मोहर्रम का जुलूस भी साबितगंज चौराहे से निकल रहा था। रामगंज और साबितगंज चौराहे के बीच ताजिए निकाले जाने के दौरान विजय यात्रा में शामिल कुछ युवाओं ने पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगा दिए। इसका मोहर्रम के जुलूस में शामिल युवाओं ने विरोध किया।उन्होंने भी विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी। दोनो समुदायों के युवक आमने- सामने आ गए। कुछ युवकों में मारपीट हो गई। इससे तनाव बढ़ गया। इससे साबितगंज और नया शहर में अफरा तफरी मच गई। हालात देख दुकानदारों ने शटर गिरा दिए। जानकारी मिलने पर कोतवाल सत्येंद्र सिंह यादव मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। उन्होंने भीड़ को हटाकर स्थिति को नियंत्रण में किया। बाद में सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह के अलावा एएसपी राम किशन यादव, आसपास के थानों का फोर्स भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस और दोनों समुदायों के जिम्मेदार लोगों ने माहौल को शांत किया। एएसपी ने दुकानदारों से दुकानें खोलने की अपील की। डीएम शमीम अहमद व एसएसपी एन कोलांचि ने अपनी देखरेख में हिंदू सेवा समिति की यात्रा को सकुशल संपन्न कराया। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। तनाव को देखते हुए साबितगंज और रामगंज में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। अधिकारी स्थिति पर निगाह रखे हैं। डीएम एवं एसएसपी ने कहा कि शांति व्यवस्था को खराब करने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।