हत्याकांड की खबर मिलते ही कांशीराम कॉलोनी के घरों से निकली भीड़ घटना स्थल पर पहुंचती
- फोटो : amar ujala
कांशीराम कॉलोनी, राहतपुरा में महिला की गला घोटकर हत्या के बाद उसकी तीन बेटियों को चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया। सिविल लाइन थाने के इस इलाके में दिल दहला देने वाली वारदात का पता लोगों को मंगलवार सुबह चला। महिला व तीनों लड़कियों की मौत की फिलहाल कोई वजह सामने नहीं आई है। महिला के पति व चार अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला से दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। तीन की गला दबाने व एक की सिर में चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है।
कमिश्नर सुभाष चंद, आईजी आलोक कुमार और एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी के साथ ही फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। जांच-पड़ताल के बाद आईजी आलोक कुमार ने वारदात में एक से अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका जताई। कहा कि घटना में परिवार और आसपास के लोग भी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि शक के आधार पर पति छोटेलाल को हिरासत में लिया गया है। छोटेलाल भरथना के कुवरा गांव का निवासी है। वह पत्नी नेहा (38) और तीन बेटियों तुलसी (7), कल्लो उर्फ मोहिनी (4), नंदो उर्फ पलक (3) के साथ 21 ब्लॉक की चौथी मंजिल पर फ्लैट नंबर 334 में किराये पर रहता था। बीमारी के चलते कोई कमाई-धमाई नहीं कर रहा था। पत्नी नेहा ही पड़ोसी सुधा से किराये पर ठेला लेकर अंडे बेचती थी। सोमवार की रात छोटेलाल घर पर नहीं था।
सुबह तीसरी मंजिल पर रहने वाला अवनीश उर्फ टीटू बरामदे में गया तो तालाब किनारे छोटेलाल की तीनों बेटियों को पड़े देखा। उसने शोर मचाकर लोगों को बुलाया। कल्लो व नंदो मृत मिलीं। तुलसी की सांसें चल रही थीं। अवनीश छोटेलाल के कमरे में पहुंचा तो जमीन पर छोटेलाल की पत्नी नेहा का शव पड़ा था। कपड़े अस्त-व्यस्त थे। इसी बीच छोटेलाल भी आ गया। सभी लोग लहूलुहान तुलसी को अस्पताल लेकर चले, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
घटना पर रहस्य का परदा चढ़ा तो अफसरों का माथा ठनका। चौथी मंजिल पर इतनी बड़ी वारदात हो गई और किसी को पता भी न चला। रात में छोटेलाल भी नहीं था। ऐसी क्या जरूरत आ पड़ी कि वह घर से बाहर गया। इसी शक में पुलिस ने छोटेलाल और चार अन्य लोगों को हिरासत में ले लिया। देर शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई। नेहा, मोहनी और पलक की मौत गला दबाने और तुलसी की मौत सिर में चोट लगने से होने की पुष्टि हुई। रेप की पुष्टि नहीं हुई है। एहतियात के तौर पर स्लाइड बनाई गई है। अब पुलिस घटना की वजह तलाशने में लगी है।