हाईवे पर वाहनों को लूटने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह के तीन बदमाशों को पुलिस ने क्राइम ब्रांच टीम के साथ दबोच लिया। उनके पास से लूटा गया ट्रैक्टर मिला है। वहीं दो ट्रक और एक स्कार्पियो भी बरामद हुई है। आरोपियों में दो औरैया और एक मैनपुरी के किशनी का है। सभी को जेल भेज दिया गया है।
एएसपी अपराध देवेश शर्मा ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता में बताया कि बकेवर थानाध्यक्ष जेपी पाल को मुखबिर से हाईवे पर कुछ लुटेरों के ट्रैक्टर के साथ होने की सूचना मिली। बकेवर थानाध्यक्ष ने क्राइम ब्रांच टीम के साथ उझियानी बाईपास पर घेराव कर एक ट्रैक्टर सहित तीन लोगों को पकड़ लिया। ट्रैक्टर मध्यप्रदेश के भिंड जनपद के उमरी थाना क्षेत्र से लूटा गया था। पकड़े गए लोगों ने पूछताछ में अपने नाम शमीम अहमद पुत्र मेंहदी हसन निवासी हमीरपुर थाना एरवा कटरा औरैया, छोटू चौहान पुत्र होरीलाल निवासी ग्राम हरचंदपुर थाना किशनी, जनपद मैनपुरी, संजीव यादव पुत्र विश्राम सिंह निवासी ग्राम चकरपुर थाना बिधूना औरैया बताए हैं। एएसपी ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए दो ट्रक और एक स्कार्पियो भी बरामद हुई है। वाहनों को बकेवर क्षेत्र में ही हाईवे किनारे सुनवर्सा के पास एक ढाबे के सामने नंबरप्लेट बदलकर खड़ा किया गया था। थानाध्यक्ष बकेवर जेपी पाल ने बताया कि आरोपी सभी वाहनों को बेचने की फिराक में थे। ट्रकों को मैनपुरी जनपद के बरनाहल व किशनी क्षेत्र से लूटा गया था। जबकि स्कार्पियो एटा से लूटकर लाई गई थी। जिससे इकदिल क्षेत्र में एक लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। वारदात में लूट के करीब 3500 रुपये भी बरामद हुए हैं।
कानपुर में कटवाते थे वाहन
बकेवर। आरोपी शमीम अहमद ने बताया कि वह इन वाहनों को कानपुर ले जाकर कटवाकर बेच देता था। गाड़ी काटने वाले ही वाहनों को खरीद लेते थे।
कई मामले हैं दर्ज
थानाध्यक्ष बकेवर जेपी पाल ने बताया कि पकडे़ गए वाहन चोरों के विरुद्ध अन्य थानों में कई लूट और गैंगस्टर के मामले दर्ज हैं। लुटेरा शमीम अहमद वर्ष 2012 में एक मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस टीम में शामिल सदस्य
थानाध्यक्ष बकेवर जेपी पाल, क्राइम ब्रांच प्रभारी सतीश चंद्र यादव, लखना चौकी इंचार्ज दिनेश कुमार, एसआई पंचम लाल, कांस्टेबल विकास, संतोष, टिंकू शर्मा, विजेद्र, कुलदीप राठी, नागेंद्र, कपिल कुमार, प्रवीण, पवन कुमार, उदयवीर।