बसरेहर। चौबिया थाना क्षेत्र के गांव अडूपुरा में मारपीट के मामले में राजीनामा न करने पर दबंगों ने एक परिवार के साथ मारपीट की। दबंगों ने धमकी दी कि उन्होंने राजीनामा नहीं किया तो वह गांव छोड़कर भाग जाएं। इस धमकी से पूरा परिवार दहशत में है। पीड़ित ने परिवार के साथ थाने में जाकर तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव निवासी राम दिनेश पुत्र चंद भान के साथ गांव के दबंग लोगों ने करीब डेढ़ साल पूर्व मारपीट की थी। इसकी रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए वह थाने गए। बाद में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। रिपोर्ट दर्ज न होने के बाद उसने कोर्ट का सहारा लिया था। कोर्ट के आदेश पर उसकी रिपोर्ट दर्ज की गई थी जिसका मामला कोर्ट में विचाराधीन है लेकिन अब दबंग लोग उस पर मामले में राजीनामा बनाने का दबाव बनाया। राम दिनेश ने राजीनामा करने से मनाकर दिया जिससे नाराज होकर दबंगों ने मंगलवार को उसके घर में घुसकर मारपीट की। उसकी पत्नी रतानी देवी व पुत्री किरन उसे बचाने के लिए आई तो उनके साथ भी मारपीट की। दबंगों ने धमकी दी कि यदि उसने राजीनामा नहीं किया तो उसके साथ इसी तरह से मारपीट करेंगे। दबंगों ने उसे गांव छोड़ने की भी धमकी दी। पीड़ित ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी है। एसओ इंद्र पाल सरोज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।