लालपुरा मोहल्ले में बुधवार सुबह चेकिंग करने गई बिजली विभाग की टीम को मोहल्ले के लोगों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पुलिस के पहुंचने पर मारपीट करने वाले भाग निकले। एसडीओ की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने पांच नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बुधवार की सुबह करीब दस बजे बिजली विभाग की टीम सहायक अभियंता जितेंद्र राजपूत, अवर अभियंता महेश चंद्र गौतम और विष्णु कुमार के नेतृत्व में लालपुरा में घर-घर चेकिंग कर रही थी। टीम जब मंदिर वाली गली में पहुंची तो वहां लोगों ने विरोध किया। विवाद बढ़ने पर लोगों ने टीम को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और कागजात छीनकर फाड़ दिए। टीम के पिटने की जानकारी लोगों ने कोतवाली पुलिस को भी दी।
कोतवाली में एसडीओ जितेंद्र राजपूत की तहरीर पर जयवीर सिंह, इंद्रपाल सिंह पुत्र जगदीश सिंह, संदीप यादव पुत्र विशुन सिंह, बृजेंद्र कुमार के बडे़ पुत्र व बाबू सिंह तथा 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने और मारपीट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कोतवाल राकेश भारती ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।