इटावा। बढ़पुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत उदी मोड़ पर शराब के नशे में हुए विवाद के बाद दुकान मालिक ने किराएदार के सिर पर लोहे की रॉड मारकर घायल कर दिया। पीजीआई ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता ने मकान मालिक के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रॉड बरामद कर ली है।
बकेवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव रामनगर निवासी संजय सिंह (35) पुत्र नौबत सिंह अपने साथियों के साथ गांव में फेरी लगाकर बाल खरीदने का काम करता था। शुक्रवार को उसने उदी मोड़ पर नरेश सिंह भदौरिया की दुकान को किराए पर लिया था। संजय दुकान पर ही रहता था। इसी बीच उसके साथ तहसीन व और मुनेश भी रहने लगे। शुक्रवार की शाम को संजय साथियों के साथ दुकान में बैठकर शराब पी रहा था, तभी नरेश भदौरिया भी आ गया। उसने भी तीनों के साथ बैठकर शराब पी। इसी बीच नरेश का किसी बात को लेकर संजय से विवाद हो गया और दोनों में मारपीट होने लगी। संजय के साथियों ने बीच बचाव करने का प्रयास किया। तभी मौका पाकर नरेश ने लोहे की रॉड का उठाकर संजय के सिर पर दो वार कर दिए। संजय लहू लुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद नरेश वहां से भाग निकला। संजय के साथियों ने घटना की जानकारी चौकी पुलिस को दी। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई भेज दिया लेकिन रास्ते में ही संजय की मौत हो गई।
जानकारी मिलने के बाद एसएसपी अशोक त्रिपाठी ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। इस संबंध में पिता नौबत सिंह ने नरेश भदौरिया पुत्र बलबीर सिंह निवासी खेड़ा अजब सिंह हाल पता उदी मोड़ के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने नरेश भदौरिया को गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त रॉड को बरामद कर लिया।
एसओ बढ़पुरा जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि उसकी निशान देही पर आला कत्ल भी बरामद कर लिया है।