थाना क्षेत्र के नगला खलक की मडै़या में बुधवार की सुबह कक्षा 11 की छात्रा को गांव के ही एक युवक ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल छात्रा के भाई ने रामकुमार पुत्र राकेश कुमार यादव सहित दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उसने बताया उसकी बहन शौच के लिए गई थी। आरोपियों के साथ मौजूद रामवीर उसे अपने साथ ले जाने लगा। जब उसने विरोध किया तो गोली मार दी। छात्रा को इलाज के लिए सैफई अस्पताल भर्ती कराया गया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी थी, तभी इसमें नया मोड़ आ गया। गुरुवार की सुबह रामकुमार (23) का शव गांव के समीप ही आम के पेड़ पर लटका मिला। घटना की खबर पर गांव में हड़कंप मच गया। रामकुमार के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर थानाध्यक्ष आलोक कुमार राय भी पहुंचे। बताया जाता है कि बुधवार को छात्रा को गोली लगने के बाद जैसे ही रामकुमार के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया। वह घर से गायब हो गया। रात में भी घर नहीं लौटा। सुबह उसका शव फंदे पर लटका मिला।
विज्ञापन
रामकुमार के भाई सुमित ने भी अपने भाई की हत्या कर शव फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। चर्चा है कि रामकुमार भी बीएससी का छात्र था। वर्तमान में दिल्ली में किसी कंपनी में काम कर रहा था। रामकुमार कुछ दिन पहले ही घर आया था।
इस बारे में थानाध्यक्ष आलोक राय ने बताया पूरे मामले के प्रेम प्रसंग सामने आया है। लड़की के कनपटी और हाथ की उंगली में गोली लगी है। उसकी भी गहनता से जांच की जा रही है। दोनों परिवारों के मकान भी अगल-बगल में हैं।