थाना क्षेत्र के केशोपुर गांव में मंगलवार रात को चोरों ने किसान के घर में धावा बोलकर लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के वक्त घरवाले बाहर के कमरे में सो रहे थे। पीछे सीढ़ी लगाकर शातिर चोर ने घर में दाखिल हुए। सुबह नींद खुलने पर बिखरा सामान देख घरवालों के होश उड़ गए। पुलिस ने मौका मुआयना कर पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज किया।
ग्राम केशोपुर में रहने वाले शैलेंद्र दुबे पुत्र उर्फ बबलू पुत्र रामस्वरूप पत्नी कुसुमलता व पुत्र दीपू के साथ मंगलवार रात घर के आगे के कमरे में सो रहे थे। शैलेंद्र के पड़ोसी अश्वनी पुत्र तेजबहादुर के घर के बाहर रखी सीढ़ी को चोर उठा लाए। मकान के पिछवाड़े में सीढ़ी लगाकर छत पर पहुंचे फिर मकान में नीचे आए। कमरों की कुंडी को काटकर अंदर प्रवेश किया।
चोरों ने पहले लोहे की अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखें 35 हजार रुपये के अलावा तकरीबन डेढ़ लाख रुपये से अधिक की कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, कीमती कपड़े व पीतल के बर्तन के अलावा एक बक्सा चुरा ले गए। चोर उसी रास्ते से बाहर भाग गए और जिस रास्ते से घुसे थे। बुधवार सुबह पांच बजे जब गृहस्वामी जागा तब उसे चोरी की घटना की जानकारी हुई। इस पर उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ गांव के बहार स्थित बाग से चोरी गया बक्सा भी बरामद किया है ।