बसरेहर थाना क्षेत्र के ग्राम रजपुरा तोताराम से लापता किशोरी के पिता को ही पुलिस ने उसकी हत्या के आरोप में गिरफ्तार तो कर लिया, मगर उसके खिलाफ कोई सुबूत नहीं जुटा सकी है। पुलिस ने ग्रामीणों की आशंका पर जल्दबाजी करते हुए किशोरी के पिता को तो पकड़ लिया, लेकिन मिले शव को लापता किशोरी का बताए जाने में सबसे बड़ा पेच उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में है। लापता किशोरी के बारे में ग्रामीणों ने उसके गर्भवती होने की बात कही है, जबकि मिले शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि नहीं हुई। इसके अलावा गायब किशोरी की उम्र 15-16 वर्ष है। जबकि जिस शव की उसके रूप में शिनाख्त की जा रही है उसकी उम्र 20-22 वर्ष है। इस सबके बावजूद पुलिस अभी भी लापता किशोरी के पिता को हवालात में बंद रखा है।
मालूम हो कि भरथना थाना क्षेत्र के ग्राम झिंदुआ के पास 19 सितंबर को एक युवती का शव मिला था। जिसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। वहीं बसरेहर थाना क्षेत्र के ग्राम रजपुरा तोताराम से एक किशोरी गायब थी। गायब किशोरी के संबंध में उसके पिता सरनाम सिंह ने 23 सितंबर को तहरीर दी थी। जिसमें उसने बताया था कि 21 सितंबर को वह अपनी पुत्री को साइकिल से लेकर अपने साढ़ू के यहां अजीतमल जा रहा था। रास्ते में शौच की बात कहकर उनकी पुत्री खेतों में गई और गायब हो गई। उधर शनिवार को रजपुरा तोताराम के ग्रामीणों ने एक गुमनाम प्रार्थनापत्र एसओ बसरेहर को दिया। जिसमें आशंका जताई गई कि भरथना के झिंदुआ के पास मिले युवती का शव ही गांव से गायब लड़की का हो सकता है। यही नहीं ग्रामीणों ने उसमें यह भी लिखा कि किशोरी को 4-5 माह का गर्भ था, इसलिए उसके पिता व भाई पर हत्या का आरोप लगाया। इस पर पुलिस ने ग्रामीणों के गुमनाम प्रार्थनापत्र पर सरनाम सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने किशोरी के पिता को तो गिरफ्तार कर लिया, मगर उसके खिलाफ कोई सुबूत नहीं जुटा पाई। यहां तक शव की शिनाख्त भी पुलिस ग्रामीणों के जरिये नहीं करा पाई। सरनाम सिंह को फोटो दिखाई गई तो उसने भी पहचान से साफ इंकार कर दिया। सबसे बड़ी बात यह है कि ग्रामीणों ने अपने प्रार्थनापत्र में गांव से गायब लड़की के गर्भवती होने की बात कही है, जबकि मिले शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ऐसा नहीं है। इस बारे में एसएसपी एन कोलांचि ने बताया कि अभी तक युवती के शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। जहां तक तोताराम की गायब लड़की का शव होने की बात है तो इस बारे में अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है। युवती के शव व लापता लड़की के पिता का डीएनए टेस्ट कराएंगे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके गर्भवती होने की पुष्टि नहीं हुई है।