इकदिल थाना क्षेत्र के मोहल्ला कृष्णा नगर में दो हमलावरों को लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और उनकी जमकर धुनाई कर दी। बाद में हमलावरों को पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए हमलावरों के पास से तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है।
कृष्णानगर निवासी मानसिंह ने कटरा बलसिंह निवासी सगीर खां पुत्र हामिद खां के खिलाफ रेप व छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वह हाल में ही वह जमानत पर छूटकर आया है। शनिवार को वह अपने साथी हैदर पुत्र नवी मोहम्मद निवासी नेविल रोड के साथ मानसिंह से मामले को वापस लेने की धमकी देने गया था। दोनों उसके घर में घुस गए तो घर में मौजूद महिलाओं ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और दोनों को दौड़ाकर पकड़ लिया व उनकी पिटाई कर दी। एसओ इकदिल आलोक राय ने बताया पकड़े गए दोनों आरोपियों के पास से दो तमंचा व चार कारतूस बरामद हुआ है।