कस्बे के मोहल्ला गुलाबबाड़ी में वर्चस्व की जंग में दो पक्षों में मारपीट और फायरिंग हो गई। इसमें एक युवक घायल हो गया। दिनदहाड़े गोलियां चलने से कस्बे में दहशत का माहौल है। एक पक्ष की ओर से 6 लोगों के खिलाफ जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का मामला दर्ज कराया गया है।
रविवार रात अहीरटोला निवासी शिवानंद का यादव नगर निवासी रुचन के भाई रोहित से रंगबाजी दिखाने को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्ष अपने समर्थकों को लेकर आ गए। मारपीट के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। करीब 12 राउंड गोलियां चलने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार मय फोर्स के घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया। जांच के बाद देर रात उन्हें छोड़ दिया। रुचन यादव पुत्र कलक्टर सिंह ने बताया कि वह दोस्त शिवम के साथ रविवार शाम जा रहा था। आठ बजे गुलाबबाड़ी के समीप पहले से घात लगाए खड़े दिनेश, सत्यम, शिवानंद, रामू, गुड्डा निवासी अहीरटोला तथा नीलेश निवासी परसौआ ने उन्हें बेवजह रोका। रंगबाजी दिखाते हुए उनके साथ मारपीट करने लगे। विरोध किया तो तमंचे और पिस्टल से जान से मारने की नीयत से फायर किए। गोली उसके बाजू में लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे सीएचसी जसवंतनगर ले जाया गया। पुलिस ने रुचन की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की है।