हाईवे पर शनिवार रात बाइक सवार देवर को गोली मारकर महिला के जेवर लूटने के मामले में पुलिस को अभी कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। घायल युवक के पिता के प्रार्थनापत्र पर रविवार को थाना पुलिस ने लूट का मामला अज्ञात लोगों के विरुद्ध दर्ज किया है।
शनिवार रात करीब 8:45 बजे उझियानी निवासी सुमित दोहरे पत्नी वंदना के साथ गांव जा रहे थे। सुमित के साथ उनका ममेरा भाई नेम सिंह भी था। गांव से थोड़ी दूरी पर ही एक बाइक सवार तीन लुटेरों ने दंपति की बाइक को रोक लिया। वंदना के आभूषण लूटने लगे। विरोध करने पर लुटेरों ने नेम सिंह पुत्र तिलक सिंह को गोली मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सुमित ने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। थाना पुलिस के अलावा सीओ भरथना राघवेंद्र सिंह राठौर, क्राइम ब्रांच के प्रभारी अजहर अली पूरी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने दंपति से घटना के बारे में जानकारी ली। पुलिस को लुटेरों का कोई सुराग नहीं लगा। थाना प्रभारी दिनेश शर्मा ने जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया है।