फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के मोहल्ला अशोक नगर निवासी विपिन यादव उर्फ मेजर की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। उसकी हत्या लेनदेन के विवाद में सिर पर ईंट से प्रहार कर की गई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त ईंटें भी बरामद कर ली हैं। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया।
चौबिया थाना क्षेत्र के गांव नगला बरी निवासी और हाल पता मोहल्ला अशोक नगर निवासी विपिन यादव उर्फ मेजर पुत्र सुखवीर सिंह की हत्या कर शव को जुगरामऊ में पास बने सेप्टिक टैंक में डाल दिया था। गुरुवार को पुलिस ने उसके शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। परिजन उसकी गोली मारकर हत्या करने की बात कह रहे थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ कि उसके सिर पर किसी भारी चीज से प्रहार किया गया था। जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लग गई और उसकी मौत हो गई। इस संबंध में श्याम नगर निवासी सूरज सिंह पुत्र जयवीर सिंह व अखिलेश पाल उर्फ माया पुत्र पान सिंह पाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने दोनों को चितभवन के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी शिव हरी मीना ने बताया कि मेजर की हत्या रुपयों के लेनदेन में की गई थी। पूछताछ में पकड़े गए सूरज ने बताया कि उसने किसी काम से मेजर से एक लाख 80 हजार रुपये उधार लिए थे। छह माह बाद ही उसने उसका भिंड स्थित प्लाट बिकवा दिया। उसका प्लाट साढ़े आठ लाख में बिका। जिसमें उसने उसे केवल साठ हजार दिए। बाकी रुपया उसने खुद रख लिया। वह उधार देने पर 30 प्रतिशत की दर से ब्याज लेता था। उसने बताया कि 19 अप्रैल को मेजर ने उसे फोन किया और शाम को पीने पिलाने का इंतजाम करेन के लिए कहा। उसने दो लोगों ने पैसा उधार लिए और उसके पीने का इंतजाम किया। सामुदायिक केंद्र पहुंच कर शराब पी। शराब पीने के बाद उसने गाली गालौज करनी शुरू कर दी। इसके अलावा उसने उसकी पत्नी के खिलाफ भी अपशब्द कहे। जिसका माया ने विरोध किया तो उसने माया के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसे पिटता देख उससे नहीं रहा गया और उसने पीछे से ईंट से उसके सिर पर वार कर दिया। ईंट लगने से वह वही गिर पड़ा उसके बाद उसने दूसरा वार किया। बाद में दोनों ने मिलकर उसे सेप्टिक टैंक में डाल दिया और बाद में उसकी बुलेट मोटर साइकिल को लेकर दतावली के पास पहुंचे और वही शराब के ठेके के पास बाइक खड़ी कर अपने घर आ गए। एसएसपी ने बताया कि दोनों को जेल भेजा गया है। उन्होंने 24 घंटे के अंदर हत्या का खुलासा करने वाली टीम को पांच हजार इनाम देने की घोषणा की है। इस मौके पर सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।