इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राजागंज में गुरूवार को गायब हुए चार वर्षीय बालक का अपहरण उसके फुफेरे भाई ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर किया था। उसकी रिहाई के बदले आरोपियों ने 12 लाख की फिरौती मांगी थी। फिरौती के लिए आई काल के आधार पर क्राइम ब्रांच व भरथना थाना पुलिस ने साम्हों के पास छापा मारकर बालक को खोज निकाला। साथ ही दो अपहरण कर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उनका एक साथी भाग जाने में सफल रहा। पुलिस ने पकडे़ गए दोनाें आरोपियों को जेल भेज दिया। एक अन्य साथी की तलाश कर रही है। एसएसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की।
लघु सिंचाई विभाग औरैया में लिपिक के पद पर तैनात बृजेश कुमार यादव निवासी राजागंज का चार वर्षीय पुत्र कृष्ण गुरुवार की दोपहर को अचानक लापता हो गया था। उसकी काफी खोजवीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा था। पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने पर लोगों ने भरथना बकेबर रोड पर जाम लगा दिया। इसके बाद पुलिस हरकत में आई। इसी बीच बालक के पिता बृजेश कुमार के मोबाइल पर बालक की रिहाई के लिए 12 लाख की फिरौती मांगी गई। फोन आने के बाद पुलिस ने बालक की खोजबीन में जुट गई।
एएसपी राम किशन यादव ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने मुखबिरों के अलावा सर्विलांस का सहारा लिया।
रात करीब 12 बजे मुखबिर ने सूचना दी कि दो अपहरणकर्ता बालक के साथ साम्हों के पास मौजूद हैं। इस पर पुलिस ने उस स्थान की घेराबंदी कर ली। पुलिस ने डीएफसीसी रेलवे क्रासिंग के पास झाड़ियों से बालक को बरामद कर लिया। साथ ही दो अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उनका एक साथी भाग जाने मे सफल रहा। पकडे़ गए युवकों ने अपने नाम साहुल यादव पुत्र रूकम सिंह यादव व रवि यादव पुत्र राजेश यादव निवासी नगला जवाहर थाना अछल्दा जिला औरैया बताया। जबकि उनका एक साथी अंशुल यादव पुत्र जगवीर सिंह निवासी सुभान पुर थाना अछल्दा भाग जाने में सफल रहा। एएसपी ने बताया कि अपहरण करने वाला साहुल यादव बालक कृष्ण का फुफेरा भाई है। एसएसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की।