बकेवर। बकेवर थाना के एक गांव में किशोरी ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर घरवालों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पड़ोस के ही दो युवकों पर रेप का आरोप भी लगाया। उनका कहना था कि इसी से दुखी होकर उसने जहर खाया था। हालांकि एक डाक्टर के पोस्टमार्टम करने के बाद पैनल से भी कराने पर रेप की पुष्टि नहीं हुई। थानाध्यक्ष का कहना है कि प्रार्थनापत्र ले लिया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
थाना क्षेत्र के एक ग्राम में सोमवार को किशोरी को जहरीला पदार्थ खाने पर परिजनों ने देर शाम जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां सुबह करीब पांच बजे उसकी मौत हो गई। बालिका की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस को बताया कि पड़ोस के गांव के दो युवक बहाने से उसे बाइक पर बैठा ले गए। घर से थोड़ी दूर ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया। इस पर किशोरी ने घर आकर जहरीला पदार्थ खा लिया।
पुलिस ने दोपहर में शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने स्लाइड बनवाने की भी मांग की। डॉक्टर ने पंचनामा में रेप की जांच की बात न लिखने से स्लाइड बनवाने से मना कर दिया। इस पर शाम को ही परिजनों ने जिलाधिकारी आवास पर जाकर उनसे डाक्टरों के एक पैनल से पुन: पोस्टमार्टम कराने का प्रार्थन पत्र दिया। जिलाधिकारी ने पुन: तीन डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया। इस पर पैनल ने रात्रि 8 बजे शव का पोस्टमार्टम किया। उसमें एक महिला डाक्टर भी थी। थानाध्यक्ष बकेवर आलोक राय ने बताया कि दोनों ही मेडिकल परीक्षण में किशोरी से रेप की पुष्टि नहीं हुई है। प्रार्थनापत्र मिल गया है। मामले की सारे बिंदुओं से जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।