इकदिल पुलिस ने हाईवे पर बोलेरो में सवारी बैठाकर उनसे लूटपाट करने वाले गिरोह के चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से लूट में शामिल बोलेरो के अलावा लैपटॉप, नगदी, पिस्टल और तमंचे बरामद किए हैं। उनका एक साथी पुलिस को चकमा देकर भाग गया। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
सोमवार को पुलिस लाइन में एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि हाईवे पर लोगों को सवारी के रूप में बैठाकर उनके साथ मारपीट कर लूटपाट और उनके एटीएम कार्ड का नंबर पूछकर रुपये निकालने की कई वारदातें हुईं थीं। इन वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए उन्होंने इकदिल एसओ आलोक राय और क्राइम ब्रांच की टीम को लगाया। एसओ आलोक राय फोर्स के साथ लुटेरों का सुराग लगाने में लगे थे। रविवार रात मुखबिर ने सूचना दी कि कुछ लुटेरे बोलेरो में सवार हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में पिलखर के पास मौजूद हैं।
इस सूचना पर उन्होंने क्राइम ब्रांच की टीम के साथ मिलकर हाईवे के पास पिलखर गांव की घेराबंदी कर ली। पुलिस ने चार लुटेरों को धर दबोचा। जबकि उनका एक साथी भाग गया। उनके पास से एक लैपटॉप, चार मोबाइल, एक पिस्टल, दो तमंचे, लूटी गई एक अंगूठी के अलावा 15 हजार रुपये नगद बरामद हुए हैं।
लुटेरों ने अपने नाम प्रेम सिंह पुत्र राम बहादुर निवासी टिकोना थाना कुर्रा मैनपुरी, अवनीश यादव पुत्र राधेश्याम निवासी नगला कसौलिया थाना करहल, सीटू पुत्र बाल भगवान निवासी असुआ थाना शिकोहाबाद, जितेंद्र कुमार पुत्र राज बहादुर निवासी गांव अहमद थाना करहल जिला मैनपुरी बताए हैं।
उन्होंने फरार साथी का नाम नीटू पुत्र रविंद सिंह निवासी धोवई थाना करहल बताया है। आरोपियों पर अलग-अलग थानों में लूट व हत्या जैसे मामले दर्ज हैं। एसएसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की। इस अवसर पर एएसपी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
इन घटनाओं का हुआ खुलासा
- बोलेरो सवार लुटेरों ने 28 अप्रैल को इकदिल थाना क्षेत्र के गांव नगला दलप के पास सवारी के इंतजार में खड़े विजय सिंह निवासी रायपुर को सवारी के रूप में बैठा लिया और उसके साथ मारपीट कर अंगूठी, मोबाइल के अलावा एटीएम कार्ड लूट लिया था। उसके खाते से पहले दस हजार व दोबारा तीस हजार रुपये निकाल लिए थे।
- 19 मई को बोलेरो सवार लुटेरों ने जसवंतनगर के पास से अंसार अहमद निवासी लखनऊ को सवारी के रूप में बैठा लिया और रास्ते में मारपीट कर उनके पास से लैपटॉप के अलावा 5500 रुपये लूटे थे।
- 20 मई को बोलेरो सवार लुटेरों ने जसंवतनगर से प्रदीप कुमार पुत्र ओम प्रकाश को सवारी के रूप में बैठाकर उसे मारपीट कर लूट लिया था। लुटेरों ने उसके पास से एटीएम कार्ड के अलावा मोबाइल लूटा था। बाद में लुटेरों ने उसके खाते से 9 हजार रुपये निकाल लिए थे। एसएसपी ने बताया कि लुटेरों ने इसके अलावा मैनपुरी के अलावा अन्य स्थानों पर लूट की वारदातें करने की बात कबूल की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।