पांवटा / राजपुर (सिरमौर)। आंजभोज क्षेत्र में एक व्यक्ति ने सोमवार को जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने युवक को सिविल अस्पताल पांवटा पहुंचाया। जानकारी के अनुसार राजपुर में बाबू सिंह (35) ने जहरीला पदार्थ खा लिया। युवक उत्तराखंड के कोटड़ा निवासी का रहने वाला बताया जा रहा है। युवक अपने बीवी-बच्चों के साथ ससुराल में ही रहता है। युवक उत्तराखंड के सेलाकुई में स्थित एक अस्पताल में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता है।
राजपुर से ही युवक अप-डाउन करता है। युवक की पत्नी ने बताया कि सोमवार को किसी काम से थोड़ी देर के लिए वह बाहर गई थी। वापस पहुंचने पर पति को तड़फ़ते हुए देखा। तबीयत ज्यादा खराब होने पर उसे पांवटा अस्पताल पहुंचाया जहां पीड़ित युवक का इलाज चल रहा है।
उधर, सिविल अस्पताल पांवटा के डॉ. एवी राघव ने बताया कि युवक ने कोई जहरीला पदार्थ निगला है। प्राथमिक उपचार के बाद अब हालत में सुधार आया है। इस संदर्भ में पांवटा पुलिस टीम को सूचित कर दिया गया है।
--------------------