सपा के दर्जा प्राप्त पूर्व मंत्री की गाड़ी को पकड़कर ले जाते पुलिसकर्मी।
- फोटो : amar ujala
नगर पंचायत से सपा प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय के बाहर पुलिस ने सपा सरकार में माध्यमकि शिक्षा परिषद के सलाहकार (दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री) रहे श्रीकृष्ण यादव की गाड़ी को आचार संहिता के उल्लंघन में सीज किया है। गाड़ी पर हूटर व सपा का झंडा लगा हुआ था।
सोमवार को डीएम सेल्वा कुमारी जे व एसएसपी वैभव कृष्ण बकेवर व लखना के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर लौट रहे थे। बकेवर में थाने के आगे नगर पंचायत से सपा प्रत्याशी ज्वाला कठेरिया के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन हो रहा था। कई सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की गाड़ी खड़ी थीं। जिलाधिकारी व एसएसपी ने गाड़ी रोककर वहां देखा तो उनको एक गाड़ी पर हूटर व सपा का झंडा लगा नजर आया। इस पर डीएम ने एसडीएम भरथना, सीओ भरथना व थानाध्यक्ष को बुलाकर पता किया। पुलिस ने प्रशासन के पता करने पर मालूम हुआ कि यह गाड़ी पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री भरथना श्रीकृष्ण यादव की है। इस पर गाड़ी को थाना पर लाया गया। पूर्व मंत्री भी चुनाव कार्यालय पर मौजूद थे।
उन्होंने अधिकारियों से गाड़ी छोड़ने के लिए कहा। लेकिन पुलिस ने गाड़ी नहीं छोड़ी। बाद में कई स्थानीय सपा नेता पूर्व मंत्री के साथ थाने पर गए लेकिन पुलिस ने गाड़ी छोड़ने से मना कर दिया। बकेवर थाना के कस्बा इंचार्ज बिजेंद्र शर्मा ने बताया कि पूर्व मंत्री की गाड़ी सीज की गई है। वहीं सपा की प्रत्याशी ज्वाला कठेरिया के खिलाफ चुनाव आचार संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है।