चौबिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव रैपुरा में शराब पीकर गाली देने से रोकने पर हुए विवाद में दो पक्षों में पथराव और मारपीट हो गई। इस दौरान एक पक्ष ने फायरिंग कर दी। इसमें चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती करा मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव रैपुरा में रविवार को राजवीर उर्फ राजू पुत्र नेत्रपाल सिंह ने शराब पीकर पीके यादव के घर के सामने गालीगलौज शुरू कर दी। पीके ने जब विरोध किया तो राजवीर ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीके को बचाने के लिए उसकी मां रामवती आई तो उसे भी पीट दिया। मारपीट में दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए और पथराव शुरू हो गया। पथराव में राजवीर और उसका भाई बृजेश घायल हो गए। आधा घंटे तक पथराव के बाद फायरिंग शुरू हो गई। गांव के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायल लोगों को सीएचसी में भर्ती कराया। मामले में किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।