बकेवर (इटावा)। एआरटीओ के रिश्वतखोरी में पकड़े जाने के बाद अब जिले में फर्जी एआरटीओ बनकर वसूली करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने हाईवे पर एआरटीओ बनकर ट्रक चालकों से वसूली करने वाले दो युवकों को धर दबोचा है, जबकि तीन भाग निकले। पकड़े गए युवकों के जरिए पुलिस भागने वालों की तलाश कर रही है। पुलिस ने ट्रक चालकों की तहरीर पर कार के नंबर का जिक्र करते हुए अभी पांच अज्ञात लोगों पर वसूली करने की रिपोर्ट दर्ज की है।
इटावा के एआरटीओ प्रशासन और एआरटीओ प्रवर्तन की गिरफ्तारी के बाद अब यहां नया कारनामा सामने आया है। शनिवार को कानपुर देहात के एआरटीओ के चार्ज लेने के बाद देर शाम यहां फर्जी एआरटीओ भी पकड़े गए हैं। शनिवार शाम करीब सात बजे इटावा कानपुर हाईवे पर अशोका ढाबे के पास एक कार में बैठे लोग ट्रक चालकों से वसूली कर रहे थे। कार में बैठे व्यक्ति को इटावा का एआरटीओ बताकर उसके चार अन्य साथी ट्रक चालकों से कागजात मांगते थे। ट्रक में लदे सामान की बिल्टी व ट्रक के कागजात वापस करने के बदले पांच हजार रुपये लेते थे। इसी बीच दो ट्रक चालकों की जेब से बिल्टी चेक करने वाले युवक ने 1700 एवं 2000 रुपये निकाल लिया। उसकी यह हरकत देख ट्रक चालकों को शक हुआ। ट्रक चालक ने अपने मोबाइल से यूपी 100 को सूचना दी। कुछ देर में यूपी 100 के साथ ही बकेवर थाना प्रभारी आलोक राय मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम के पहुंचते ही वसूली करने वाले भागने लगे। पुलिस ने कार में बैठे व्यक्ति और उसके दूसरे साथी को धर दबोचा। जबकि तीन भाग निकले। थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रक चालक संत रविदास नगर के थाना गोपीगंज के जग्गापुर निवासी वेदप्रकाश एवं बिहार के समस्तीपुर जिले के हसनपुर निवासी नंदन यादव ने पुलिस को सूचना दी थी। इनकी तहरीर पर पांच अज्ञात के खिलाफ वसूली करने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। दो हिरासत में हैं। उनसे पूछताछ कर अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।