गिरफ्तार अपहरणकर्ता व अपहृत बालक तौफीक, जानकारी देते जीआरपी प्रभारी यशपाल सिंह
- फोटो : अमर उजाला
इटावा। सात दिन पहले अपहृत बालक को जीआरपी ने आरपीएफ की मदद से शनिवार शाम रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया। आगरा के जैतपुर थाना के फतेहपुरा गांव से जसवंतनगर निवासी बालक को अगवा करने वाले युवक को भी जीआरपीने दबोच लिया। अपर पुलिस महानिदेशक (रेलवे) ने पुलिस टीम को 20 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह यादव ने बताया वह जीआरपी टीम के साथ रेलवे स्टेशन पर गश्त कर रहे थे तभी मुखबिर से प्लेटफार्म नं. 2/3 पर बनी सीढ़ियों के नीचे एक व्यक्ति की गोद में बच्चे के रोने की सूचना मिली। बुरी तरह रो रहा बच्चा अपने माता-पिता के पास जाने की जिद कर रहा था।
सूचना पर वह आरपीएफ के एसआई अमित चौधरी के साथ प्लेटफार्म नंबर 2/3 पर बने पुल की सीढ़ियों के नीचे पहुंचे तो वहां एक व्यक्ति रो रहे बच्चे को गोद में लिए था। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को दबोच कर बच्चे को अपने कब्जे में ले लिया।
पूछताछ में फिरोजाबाद जिले के मढ़ई थाना के नगला खंगर निवासी संदिग्ध व्यक्ति ने अपना नाम खेम सिंह और पिता का नाम भूपसिंह लोधी बताया। उसने बच्चे को अपना भांजा बताया। बालक ने बताया युवक सात दिन पहले उसे उसकी नानी के गांव से अंगूर दिलाने के बहाने ले आया था।
उसने अपना नाम तौसीव उर्फ तौफीक बताने के साथ पिता के मोबाइल नंबर की भी जानकारी दी। जीआरपी की सूचना पर जसवंतनगर कस्बे के गुलाबबाड़ी मोहल्ला निवासी बालक का पिता मोहम्मद इलियास जीआरपी थाने पहुंच गया।
उसने बताया 12 मार्च से तौफीक आगरा के फतेहपुरा निवासी अपनी नानी के घर से लापता हो गया था। इसकी सूचना जैतपुर थाने में दी गई थी। पुलिस ने अपहरणकर्ता खेम सिंह की तलाशी लेकर उसके पास से सफेद रूमाल में लिपटा छुरा बरामद किया। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ने बताया अपहर्ता खेम सिंह को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया गया।