अपराधियों की तलाश में बसरेहर क्षेत्र में दबिश देने गई क्राइम ब्रांच की टीम पर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। हालांकि इसमें कोई भी पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ। पुलिस ने उनकी घेराबंदी की पर बदमाश भागने में सफल रहे।
क्राइम ब्रांच प्रभारी दिनेश कुमार सिसोदिया शुक्रवार शाम को अपराधियों की तलाश में टीम के साथ निकले थे। रात करीब नौ बजे सूचना मिली कि बसरेहर के चकबा बुजुर्ग के पास बाइक सवार बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इस पर क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। टीम आने की भनक लगते ही बदमाश भागने लगे।
इस पर टीम ने उनका पीछा किया। पीछा करने पर बदमाशों ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में टीम ने भी फायरिंग की, लेकिन बदमाश भाग जाने में सफल रहे।
क्राइम ब्रांच की टीम पर फायरिंग की सूचना मिलने पर बसरेहर, चौबिया, वैदपुरा आदि थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा और घेराबंदी करके बदमाशों को तलाश किया। काफी खोजबीन के बाद भी पुलिस बदमाशों का सुराग नहीं लगा सकी।
क्राइम ब्रांच प्रभारी ने बताया कि बदमाशों की सूचना पर उनकी टीम गई थी। पुलिस ने जब उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो बदमाश फायर करते हुए भाग निकले।
बंदी का नहीं लगा सुराग
इटावा। जिला कारागार से शुक्रवार को मैनपुरी पेशी पर भेजे गए बंदी दिलीप यादव को उसके साथ रास्ते से पुलिस अभिरक्षा से छुड़ा ले गए। इस घटना को चौबीस घंटे से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस उसे पकड़ नहीं सकी है। उधर दोनों सिपाहियों को जेल भेज दिया गया है।
जिला कारागार में बंद दिलीप यादव निवासी सराय ऐसर थाना सिविल लाइन को गैंगेस्टर के एक मामले में शुक्रवार को जिला कारागार से मैनपुरी भेजा गया था। उसे पुलिस लाइन में तैनात सिपाही मुरलीधर तथा कपिल देव पेशी पर लेकर गए थे।
पेशी के बाद जब दोनों सिपाही दिलीप को वापस ला रहे थे तभी करहल थाना क्षेत्र के अंतर्गत रतिभानपुर के पास बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दिलीप यादव को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ा लिया और फरार हो गए।
पुलिस ने उन्हें ढूढंने का प्रयास किया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। इस संबंध में पुलिस ने सिपाहियों को दोषी मानते हुए उनके खिलाफ करहल थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद दोनों सिपाहियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया।
सीओ सैफई अरुण कुमार दीक्षित ने बताया कि पकड़े गए सिपाहियों को शानिवार को जेल भेज दिया गया है। दिलीप यादव की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें लगाई गई हैं। दबिशें दी जा रही हैं।