घटना स्थल पर खड़ी क्षतिग्रस्त बाइक।
- फोटो : amar ujala
थाना क्षेत्र के अंतर्गत पत्तापुुुरा गांव के पास नहर पटरी पर रविवार की देर शाम को तेजी से आ रही दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें एक बाइक पर सवार चाचा की मौत हो गई जबकि भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार साले बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। हादसे में बाइकें भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
बसरेहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव पत्तापुरा निवासी विमलेश कुमार (40) दिल्ली में रहकर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। होली पर वह अपने घर आया था। रविवार की शाम को वह अपने भतीजे दंगल सिंह पुत्र बृजमोहन के साथ बाइक से सामान लेने के लिए कस्बा बसरेहर आया था। देर शाम वह सामान लेकर लौट रहा था। जैसे ही गांव के पास नहर पटरी पर जा रहा था तभी सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक की भिडंत हो गई। इस भिड़ंत में विमलेश कुमार उनका भतीजा दंगल सिंह व दूसरी बाइक पर सवार अमित कुमार पुत्र राकेश बाबू निवासी मोढ़ी थाना भरथना व उसका बहनोई गीतम सिंह निवासी नगला संभल थाना सैफई गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अमित व उसके बहनोई गीतम को पीजीआई भिजवाया जबकि विमलेश कुमार व दंगल को जिला अस्पताल भिजवाया।
जहां डॉक्टरों ने जिला अस्पताल भेजे गए विमलेश को मृत घोषित कर दिया। जबकि दंगल को भर्ती कर लिया। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्ट मार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।