पकड़े गए बदमाशों के साथ पुलिस बल व जानकारी देते एसएसपी अशोक त्रिपाठी। अमर उजाला
- फोटो : amar ujala
सिविल लाइन पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम ने कार लुटेरे गैंग के सरगना और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से तीन लग्जरी कार और भारी मात्रा में नशीला पाउडर बरामद हुआ है। नशीले पदार्थ का इस्तेमाल लूट की वारदात को अंजाम देने में करते थे।
रविवार को पुलिस लाइन के सभागार में एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बीते शनिवार की शाम को प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइन हमराह फोर्स के साथ नुमाइश चौराहे के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उन्हें मुखबिर ने सूचना दी कि कुछ कार लुटेरे लूटी गई कारों को बेचने की नीयत से बाइस ख्वाजा रोड की ओर से आने वाले हैं। प्रभारी निरीक्षक व क्र ाइम ब्रांच प्रभारी सत्येंद्र यादव भी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।
चेकिंग के दौरान उन्हें कार आती दिखाई दी। पुलिस ने कार को रोकने का इशारा किया तो सवार कार को छोड़कर भागने लगा। पुलिस ने दौड़ाकर उसे धर दबोचा। पुलिस ने जब कार के कागजात मांगें तो वह नहीं दिखा सका। पूछताछ में उसने अपना नाम कबूतर उर्फ राहुल वर्मा पुत्र लल्लू वर्मा निवासी चूना चक्की, साईं मंदिर के पीछे बताया। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें नशीला पाउडर भी बरामद हुआ। पूछताछ में उसने बताया कि कार चोरी की है। उसके दो साथी भी चोरी की कार लेकर आ रहे हैं।
बाद में पुलिस ने उन्हें भी पकड़ लिया। पकडे़ गए लोगों ने अपने नाम राहुल शर्मा पुत्र ओम प्र्रकाश शर्मा निवासी उदी मोड़ थाना बढ़पुरा व जसंवत सिंह भदौरिया पुत्र गोविंद सिंह भदौरिया निवासी नया पुरा थाना जैतपुर आगरा बताया। पुलिस को उनके पास से तीन लग्जरी कारें बरामद हुईं। बदमाशों ने बताया कि उन लोगों ने ये कारें मिर्जापुर, कानपुर और लखनऊ से लूटी थीं। प्रेसवार्ता के दौरान एसपी सिटी रामयश सिंह सीओ सिटी वैभव पांडे भी मौजूद रहे।