लूट का शिकार सिक्योरिटी गार्ड जगदीश नरायण मिश्रा।
- फोटो : अमर उजाला
हाईवे पर बस के इंतजार में खडे़ सिक्योरिटी गार्ड को बाइक सवार लुटेरे ने खुद को पुलिस का सिपाही बता लूट लिया। तलाशी के बहाने उसका पर्स लेकर भाग गया। पर्स में 1800 रुपये और कार्ड थे। पीड़ित पुलिस के पास पहुंचा तो उसे मामला दूसरे थाना क्षेत्र का होने की बात कह टरका दिया गया।
प्रताप कुमार मिश्रा पुत्र जगदीश नरायण मिश्रा निवासी कुंअरपुर इकदिल लखनऊ की जीयूएस सिक्योरिटी का कर्मचारी है। वह गुरुवार सुबह 11 बजे इटावा सैफई मार्ग हाईवे पर टूंडला जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था। तभी एक युवक बाइक से आया। उसने खुद को पुलिस कर्मी बताकर उसके बैग की तलाशी की। जब प्रताप ने विरोध किया तो उसने गाली गलौज कर थाने पहुंचाने की धमकी दी। तलाशी लेकर उसकी जेब में रखा पर्स निकाल लिया। विरोध पर सामान वापस करने की बात कही। इस बीच लुटेरा बाइक से भाग निकला। पीड़ित सिक्योरिटी गार्ड थाना सिविल लाइन पहुंचा तो पुलिस ने उसे मामला फ्रेंडस कालोनी क्षेत्र का होने की बात कह वापस कर दिया। गार्ड ने बताया कि पर्स में एटीएम कार्ड, ईएसआई मेडिकल कार्ड और 1800 रुपये थे।