बकेवर। लवेदी थाना क्षेत्र के ग्राम सब्दलपुर के नजदीक लखना चकरनगर मार्ग पर आईटीआई में प्रवेश परिणाम देखने गए युवक और उसके मौसेरे भाई को सफेद रंग की बोलेरो सवार लोगों ने अपहरण का प्रयास किया। बाद में वह युवक की मोटरसाइकिल लूट कर भाग गए। पुलिस को दिए प्रार्थनापत्र में लवेदी थाना क्षेत्र के ग्राम बरौली निवासी अजीत सिंह पुत्र लल्लू सिंह ने बताया कि उसने सब्दलपुर स्थित आईटीआई कालेज में प्रवेश लेने के लिए आवेदन किया था। प्रवेश परीक्षा का परिणाम देखने के लिए वह दोपहर दो बजे के करीब अपने मौसेरे भाई वेद प्रकाश पुत्र कप्तान सिंह के साथ बाइक पर सवार होकर गया था।
परिणाम देखने के बाद तीन बजे के करीब वह अपने घर वापस आ रहा था। ग्राम सब्दलपुर के नजदीक पुलिया के पास खड़े एक युवक ने हाथ देकर उसकी मोटर साइकिल रोकने का प्रयास किया। पीड़ित युवक ने बताया कि वह मोटर साइकिल रोक कर खड़ा हुआ ही था कि तभी चकरनगर की ओर से एक बोलेरो भी मौके पर पहुंच गई। उसमें सवार बंदूक धारी ने युवक की छाती पर बंदूक की बंट से प्रहार किया। बंदूक की बंट छाती में लगते ही युवक वहीं बैठ गया। उसका मौसेरा भाई मौके से भाग निकला। बंदूक की बंट से प्रहार करने के बाद बोलेरो सवारों ने युवक को उठा कर बोलेरो में डालने लगे। युवक ने उनसे संघर्ष किया। इस दौरान वह सड़क के किनारे 10 फीट गहराई में गिर गया। पीड़ित ने बताया कि खाई में गिरने के बाद वह जंगल की ओर भाग निकला । उसने बताया कि इस घटना में वह तो बच निकला मगर लुटेरे उसकी मोटर साइकिल लूटकर अपने साथ ले गए । वह और उसका भाई भाग कर घर आए और और परिजनों के साथ लवेदी थाना पुलिस को तहरीर दी । पुलिस ने लूट की घटना मोटर साइकिल चोरी में दर्ज कर जांच शुरू कर दी है । इस संबंध में थानाध्यक्ष सुशील योगी ने बताया कि लूट की घटना सदिग्ध है। फिर भी पुलिस इस वारदात की जांच कर रही है ।