शराब के ठेके बाहर टूटी पड़ी बोतलें।
- फोटो : अमर उजाला
शनिवार को ग्राम महासिंहपुर में महिलाओं ने देसी शराब की दुकान पर हमला कर शराब की पेटियां दुकान के बाहर फेंक दीं। उन्होंने शराब की दुकान को गांव से हटाने की मांग की।
बकेवर थानाक्षेत्र के ग्राम महासिंहपुर में देसी शराब की दुकान पर दोपहर करीब 12 बजे गांव की महिलाएं पहुंचीं। उन्होंने दुकान में रखी देशी शराब की पेटियों को बाहर फेंक दिया। बोतलें तोड़ दीं। दुकानदार मनोज ने इसका विरोध किया तो उसे भी पीट दिया। थानाध्यक्ष बकेवर जयप्रकाश यादव मय फोर्स के घटनास्थल पर पहुंचे लेकिन तब तक महिलाएं वहां से चली गईं। कुछ देर बाद महिलाएं शराब की दुकान हटवाने की मांग करती वहां पहुंची तो पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया। उपजिलाधिकारी भरथना राजमणि मिश्रा, सीओ भरथना शिवराज सिंह, आबकारी विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। शराब की दुकान रंजीता कौर के नाम से आवंटित है। उन्हाेंने पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है।