आरपीएफ ने मंगलवार को ट्रेन में अवैध रूप से यात्रा करने वालों और फर्जी वेंडरों के विरुद्ध अभियान चलाया। दो ट्रेनों में चेकिंग के दौरान 8 फर्जी महिला वेंडर पकड़ी गईं। वहीं 12 यात्री लगेज वाहन में यात्रा करते पकडे़ गए। सभी को रेलवे मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश करने के लिए फिरोजाबाद भेज दिया गया।
इटावा स्टेशन पर मंगलवार सुबह आरपीएफ एसआई डीपी सिंह के नेतृत्व में चलाए गए चेकिंग अभियान में अप मगध एक्सप्रेस में चेकिंग की गई। इसमें 12 लोग अवैध रूप से लगेज वाहन में बैठकर यात्रा करते मिले। इन्हें पकड़ लिया गया। इसके बाद स्टेशन पहुंची डाउन जोधपुर हावड़ा एक्सप्रेस में चेकिंग की गई। इसमें अलग-अलग बोगियों में 8 महिलाएं चूड़ी बेचती मिलीं। महिला आरपीएफ कांस्टेबिल मीना यादव उन्हें गिरफ्त में लेकर थाने ले आईं।
पकडे़ गए 20 लोगों को दोपहर बाद रेलवे मजिस्ट्रेट पीएन मिश्रा की अदालत में पेश करने के लिए फिरोजाबाद भेजा गया। टीम में आरडी यादव, बाबूलाल मीणा, रामाधार राठौर, अनिल कुमार, क्षत्रपाल सिंह, सुरेश बघेल शामिल रहे। एसआई ने बताया कि ट्रेन में चेन पुलिंग करने वालों पर भी नजर रखी जा रही है।