जसवंतनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव खेड़ा बुजुर्ग में पांच दिन पूर्व हुई निरंकार की हत्या मामले में पुलिस के हाथ खाली हैं। हत्यारे पुलिस की पकड़ से दूर हैं। पुलिस का कहना है कि उसके हाथ कुछ अहम सुराग लगे है। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ जारी है।
क्षेत्र के गांव खेड़ाबुजुर्ग गांव निवासी 45 वर्षीय निरंकार उर्फ कृष्ण कांत का परिवार आगरा में रहता है। वह गांव में रहकर खेती बाड़ी करता था। वह पिछले कई सालों से पूर्व प्रधान ठाकुरदास जाटव के मकान में अकेला रह रहा था।
तभी उसकी किसी ने गला काटकर हत्या कर दी। शव के सड़ने पर मकान से दुर्गंध फैली। 27 फरवरी को लोगों ने घर में जाकर देखा। जहां उसका शव चारपाई पर पड़ा मिला। लोगों की सूचना पर पुलिस ने मौके का मुआयना किया।
मृतक निरंकार के चचेरे भाई माया नारायण चौधरी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने हत्यारोपियों की तलाश शुरू की, लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली है। हत्यारे कहां के हैं और किस मकसद से उसकी हत्या की गई।
इसका खुलासा अब तक नहीं हो पाया है। अलबत्ता पुलिस का दावा है कि छानबीन के दौरान कुछ सुराग अवश्य मिले हैं। इसी आधार पर दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया है।
पुलिस को पूछताछ के दौरान कुछ अहम जानकारियां मिली है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही हत्यारोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। प्रभारी एसओ कर्मवीर सिंह तालान ने बताया कि दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
-------------------------
ट्रेन की चपेट में आने से मौत
इटावा। जीआरपी थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेलवे स्टेशन के पास रेलवे लाइन पार करते समय किसी ट्रेन की चपेट में आने से एक अधेड़ की मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मडैया ख्याली राम निवासी जागेश्वर दयाल (42) वर्ष पुत्र श्री राम शनिवार की शाम को रेलवे स्टेशन के पास रेलवे लाइन पार कर रहे थे। तभी वह किसी ट्रेन की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई। लोगों की सूचना पर जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे शव को देखकर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ब्यूरो