तंबाकू कारोबारी के आवास में जाती जांच टीम।
- फोटो : amar ujala
24 घंटे गुजरने के बाद डायरेक्टर जनरल कस्टम इंटेलीजेंस (डीजीसीआई ) लखनऊ और जीएसटी की संयुक्त टीम ने तंबाकू व्यवसायी के घर पर छानबीन कर रही है। गुरुवार को टीम के सदस्यों ने तंबाकू व्यवसायी के आधा दर्जन ठिकानों पर भी छापा मारा और कुछ दस्तावेज एकत्र किए। उसके बाद टीम ने नोट गिनने की दो मशीनें सहित बैंक से बक्से मंगाए हैं। हालांकि टीम के सदस्य मीडिया से दूरी बनाकर पड़ताल कर रहे हैं। उनका कहना है कि तफ्तीश पूरी होने जानकारी देंगे।
बुधवार शाम साढ़े सात बजे मोतीनगर में चर्चित तंबाकू व्यवसायी अरविंद चौरसिया के आवास पर संयुक्त टीम ने छापा मारकर दस्तावेजों को खंगालने शुरू किए। इनोवा गाड़ी से आए अधिकारियों ने व्यवसायी के घर पर रात भर पड़ताल की। उसके बाद गुरुवार सुबह दूसरी गाड़ियों से कुछ और अधिकारी व्यवसायी के आवास पर पहुंचे। इसके बाद भरथाना के ताला चाभी वाले अहमद को बुलवाया। इससे घर के अंदर रखीं तीन अलमारियों को छेनी-हथौड़े से तुड़वाया गया। दोपहर बाजार 12 बजे करीब स्थानीय भारतीय स्टेट बैंक शाखा की टीम नोट गिनती करने की दो मशीन सहित आवास में दाखिल हुई।
आवास में बैठे जांच दल के अधिकारियों के दिशा निर्देश पर टीम के अन्य साथियों द्वारा समीप ही स्थित गोदाम में रखे स्टॉक की पड़ताल कर ताला लगाया गया। इसी के साथ-साथ तंबाकू व्यवसायी के अन्य करीब छह ठिकानों, कारखाना, गोदाम आदि पर छापा मारकर सघन पड़ताल करते हुए ताला लगाकर सीज किए गए। दोपहर तीन बजे कार्रवाई के दौरान आवास से कुछ देर के लिए अधिकारी बाहर निकले, लेकिन उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी। कार्रवाई के दौरान तंबाकू व्यवसायी के आवास के दरवाजे जांच दल की अनुमति पर खुल रहे हैं। हालांकि खबर लिखे जाने तक जांच चल रही है। एसएसपी संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र के संबंधित थानाध्यक्ष से बात कर लीजिए। वे ही बता पाएंगे। मैं चुनावी अभी ड्यूटी पर हूं। उधर, भरथना सीओ बैजनाथ ने बताया कि डीजीसीआई की टीम आई है। पर, टीम की ओर से कार्रवाई की कोई जानकारी नहीं दी गई है। हालांकि फोर्स को भेजा गया है।