अमर उजाला ब्यूरो
चकरनगर।
चकरनगर थाने के दरोगा का वीडियो वायरल होने के बाद जिले में पूर्व सरकार में चल रहे अवैध खनन के कारोबार में पुलिस की संलिप्तता जाहिर हुई है। पिछली सरकार में खनन के खेल में नीचे से ऊपर तक के पुलिस अधिकारियों के बारे में दरोगा के खुलासे से पुलिस महकमा सकते में है। वहीं एसएसपी वैभव कृष्ण का कहना है कि मामले में सभी बिंदुओं की जांच कराई जा रही है। अवैध खनन जिले में किसी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा।
यह वीडियो दरोगा प्रमोद कुमार से बातचीत के दौरान रिकार्ड किया गया है। खास बात ये है कि इसमें सपा राज का भी हवाला देते हुए इटावा में दो पूर्व एसएसपी के बारे में खनन का हिसाब पहुंचने की बात कही गई है। दरोगा का नाम प्रमोद कुमार यादव है। दरोगा के इस वीडियो ने खनन को लेकर की जा रही धन उगाही का पूरा चिट्ठा खोला है। हालांकि भाजपा सरकार बनने के बाद से ही जिले में अवैध खनन करने वालों पर गाज गिरने लगी थी। एसएसपी वैभव कृष्ण ने उदी व सहसों क्षेत्र के बॉर्डर पर एक अक्तूबर को छापा मारकर चार सिपाहियों को पकड़ा था। उन्हें जेल भेज दिया गया था। इससे पहले भी अवैध खनन के परिवहन पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।
एसएसपी ने बताया कि इस मामले में वीडियो की जांच की जा रही है। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। जो बातें उसने कहीं हैं उनकी भी सत्यता जांची जाएगी। वह किस आधार पर कह रहा है इसकी भी जांच की जाएगी। फिलहाल दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
खनन माफिया की हो सकती है साजिश
एसएसपी ने बताया कि इटावा में अवैध खनन एवं परिवहन पर सख्ती से रोक लगी है। खनन माफियाओं में पुलिस की इस सख्ती से बौखलाहट है। दरोगा का वीडियो वायरल कराने के पीछे खनन माफियाओं की साजिश भी हो सकती है। इस बिंदु की भी गहराई से जांच कराई जा रही है। सच्चाई जो भी होगी सामने आएगी।
- दरोगा के वीडियो में खुला पूर्व सरकार में खनन का खेल
- पूर्व एसएसपी के नाम आने से महकमे में मचा हड़कंप
- एसएसपी ने कहा सभी बिंदुओं पर होगी जांच