अमर उजाला ब्यूरो
इटावा। फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के हाईवे पर बुधवार सुबह पैदल जा रहे एक युवक को तेजी से आ रहे किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल लाया गया है, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अन्य स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के मोहल्ला तुलसी अड्डा निवासी रिंकू (18) पुत्र संतोष कुमार बुधवार की सुबह हाईवे पर पैदल जा रहा था। जैसे ही वह एक अस्पताल के पास पहुंचा। तभी तेजी से आ रहे किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन को लेकर भाग जाने में सफल रहा। जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और रिंकू को जिला अस्पताल लाए जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दूसरी घटना हाईवे पर हुई जहां पैदल जा रहे हथनौली निवासी सर्वेंश पुत्र रोशन लाल को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। वह घायल हो गया। तीसरी घटना किशनी रोड पर नई मंडी के पास हुई जहां किसी वाहन ने पैदल जा रहे चौबिया निवासी निवासी रविंद्र पुत्र छत्रपाल को टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गया।