आजमगढ़। महराजगंज थाना क्षेत्र के देवारा हरखपुरा गांव के दलित बस्ती में पुलिस ने मिलावटी शराब बना रही दो महिलाओं को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान मौके से 40 लीटर जहरीली शराब, भारी मात्रा में शराब बनाने के उपकरण आदि बरामद हुएा। एसपी रविशंकर छवि के मुताबिक गिरफ्तार महिलाओं में रेनू पत्नी तुफानी राम और सुजवंती देवी उर्फ सुईया पत्नी रामदास का नाम शामिल है। यह दोनों महराजगंज थाना क्षेत्र के देवारा हरखपुरा गांव की रहने वाली हैं। एसपी ने बताया कि इन दोनों महिलाओं सहित अन्य गांव के सिवान में मड़ई डालकर अवैध शराब बना रही थी। मंगलवार को मुखबिर के जरिए सूचना पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि अन्य फरार हो गए। तलाशी के दौरान मौके से 40 लीटर कच्ची जहरीली शराब, दो किलो युरिया, नौशादर और तैयार 50 पाउच के करीब शराब बरामद हुई। पूछताछ के दौरान इन दोनों महिलाओं ने बताया कि यह दोनों यहां शराब तैयार करती हैं। जबकि अन्य लोग क्षेत्र में सप्लाई करते हैं। पुलिस इन दोनों महिलाओं का चालान कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।