कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत घटिया अजमत अली में एक सप्ताह पूर्व युवक की गोली मारकर की गई हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। दो हत्यारोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपियों ने बताया कि मामूली कहासुनी पर हत्या की थी। हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद हुआ है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला करौल निवासी राजा राजपूत पुत्र अर्जुन सिंह राजपूत की चार सितंबर की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई रवि ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले की जांच कोतवाल सत्येंद्र सिंह यादव ने की। विवेचना के दौरान अनस पुत्र साबिर निवासी मोहल्ला करौल और इमरान उर्फ बोंची पुत्र साबिर उर्फ कल्लन निवासी घटिया के नाम प्रकाश में आए। तभी से पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। सोमवार को कोतवाल सत्येंद्र यादव ने हमराह फोर्स के साथ गश्त पर थे तभी तभी मुखबिर ने सूचना दी कि राजा की हत्या के आरोपी भागने की फिराक में काली वाहन मंदिर के पीछे बैठे हैं। इस पर उन्होंने पुलिस टीम के साथ घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए।
आरोपियाें ने बताया कि उनका शराब पीने को लेकर राजा से विवाद हो गया था। उन्होंने उसे गेली मार दी। वह पकडे़ जाने के डर से भिंड भाग गए। पैसे लेने वह इटावा आए थे। कोतवाल सत्येंद्र यादव ने बताया कि दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। एसएसपी एन कोलांचि ने पुलिस टीम को पांच हजार का इनाम दिया है।