अमर उजाला ब्यूरो
इटावा।
इटावा के व्यापारी के साथ मंगलवार शाम हुई 25 लाख रुपये की टप्पेबाजी के मामले का पर्दाफाश करने में पुलिस जुटी है। प्रारंभिक तौर पर 40 लाख रुपये होने की बात कही गई थी लेकिन व्यापारी ने थाने में दर्ज कराई गई एफआईआर में बैग में 25 लाख रुपये होने की बात कही है। मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस ने दो टीमों का गठन किया है। वहीं एसएसपी ने क्राइम ब्रांच को अलग से मामले के खुलासे के लिए लगाया है।
मकसुदपुरा इटावा निवासी व्यापारी मनीष गुप्ता ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि मंगलवार को वह अपने घर से बैंक आफ बड़ौदा चौगुर्जी इटावा में खाते मेें रुपये जमा करने जा रहे थे। शहर में जाम के कारण बैंक में देर से पहुंच सके। इस वजह से रुपया बैंक में जमा नहीं हो पाया। अपनी कार से जसवंतनगर आ गए। यहां आकर वे नई गल्ला मंडी गए। जब वे गल्ला मंडी से इटावा आ रहे थे तो हाईवे पर स्टेट बैंक के सामने सड़क बनने के कारण यातायात अवरुद्ध था।
उनकी सेट्रो कार बैंक के सामने धीमे चल रही थी। तभी एक अज्ञात व्यक्ति उनकी कार के पास आया और कहा कि आपकी गाड़ी के इंजन से तेल फैल रहा है। ड्राइवर से गाड़ी रुकवाई। ड्राइवर महेश बोनट खोलकर इंजन देखने लगे। जब हम लोग गाड़ी में वापस आए तो गाड़ी में रखा रुपयों भरा बैग गायब था। जिसमें 25 लाख रुपये रखे थे। इसके अलावा बैग में ड्राइविंग लाइसेंस, एचडीएफसी बैंक, बैंक आफ बड़ौदा, आईसीआईसीआई के एटीएम कार्ड तथा क्रेडिट कार्ड भी था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मौके पर पहुंचे एसएसपी वैभव कृष्ण ने इस घटना का पर्दाफाश करने के लिए क्राइम ब्रांच की टीम तथा थाना जसवंतनगर की एक टीम गठित की है।
- व्यापारी की कार में रखा रुपयों भरा बैग ले गया था युवक
- पुलिस ने खुलासे को गठित कीं दो टीमें