इटावा। युवती का गला रेतने वाले आरोपी ने बुधवार को कोर्ट में सरेंडर किया। वह पांच दिन से फरार था।
19 अक्तूबर को इकदिल थाना क्षेत्र के ग्राम रीतौर निवासी संदीप पुत्र रविन्द्र दोहरे गांव की प्रतीक्षा शाक्य को मोटरसाइकिल से कालिका मंदिर पर दर्शन कराने की बात कहकर लाया था।
लेकिन वह मंदिर न जाकर बकेवर हाईवे से चंद्रपुरा शाला बंबा पटरी होकर भोगनीपुर नहर के किनारे ग्राम चन्द्रपुरा निहालसिंह के सामने झाड़ियों में युवती का कटर से गला रेतकर फेंककर भाग गया था। राहगीरों के निकलने पर लवेदी थाना पुलिस को दी गई। सूचना पर थानाध्यक्ष विनोद यादव ने उसे आनन फानन में इटावा जिला अस्पताल भिजवाया। वहां से चिकित्सकों ने सैफ ई मिनी पीजीआई रेफर कर दिया गया था।
युवती के पिता सुरेन्द्र सिंह शाक्य रामेश्वर दयाल ने आरोपी के विरुद्ध जानलेवा हमला का मुकदमा लवेदी थाने में दर्ज कराया था। संदीप दोहरे ने बुधवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। वहीं घायल युवती का उपचार मिनी पीजीआई में चल रहा है।