इटावा। बकेवर थाना क्षेत्र में काली पल्सर सवार बदमाशों ने 15 घंटे में लूट की दो वारदात को अंजाम दिया। शनिवार रात हाईवे की सर्विस रोड पर तमंचे के बल पर युवक से रुपये व मोबाइल ले गए और रविवार को रिश्तेदारी में औरैया जा रही महिला के गले से सोने की चेन झपट ले गए। दोनों ही वारदात के पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया।
सैफई थाना क्षेत्र के गांव नगला बाबा निवासी संतोष पुत्र कृपाल सिंह बाइक से औरैया जिले की अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के शाला गांव रिश्तेदारी में जा रहे थे। उनके साथ मां कमला देवी और बेटा अर्पित भी था। सुबह करीब 9:30 बजे सुनवर्षा ओवरब्रिज के आगे काली पल्सर से आए दो बदमाशों ने कमला के गले से जंजीर छीनकर रजपुरा संपर्क मार्ग से भाग निकले।
संतोष ने यूपी 100 और महेवा चौकी पुलिस को वारदात की सूचना दी। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की लेकिन उनका पता नहीं चला। इसके पहले शनिवार शाम करीब सात बजे छतनापुरा गांव निवासी अंकित पुत्र रविन्द्र चतुर्वेदी चार पहिया वाहन की किस्त जमा करके इटावा से लौट रहा था। शाम को लौटते समय भरथना पुल से पास वह बाइक रोककर मोबाइल
पर बात करने लगा। इसी बीच कॉली पल्सर पर तीन युवक आए। उसमें एक ने फोन करने के लिए अंकित से मोबाइल मांगा। मोबाइल देते ही बदमाश के दोनों साथी पास आए और तमंचे के बल पर अंकित से साढ़े तेरह हजार रुपये लूट लिए। मोबाइल व रुपये लूटकर बदमाश भरथना रोड से भाग निकले। अंकित ने रविवार सुबह बकेवर थाने में लूट की तहरीर दी।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ला ने कहा कि युवक से लूट की वारदात संदिग्ध प्रतीत हो रही है। फिर भी दोनों की वारदात की जांच की जा रही है।