ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
अवैध खनन का काला कारोबार करने वाले बेखौफ खनन माफिया के आगे पुलिस और प्रशासन भी लाचार नजर आ रहा है। गंगा खादर इलाकों में गरजने वाली जेसीबी इसकी तस्दीक कर रही हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सब कुछ जानकर भी चुप्पी साधे हुए हैं, जिसके चलते खनन माफिया के हौसले बुलंद हैं। अब तो स्थिति यह है कि खनन माफिया पुलिस और सरकारी कर्मचारियों पर हमला करने से भी नहीं चूक रहे। दिन हो या रात, खनन माफिया बेखौफ होकर नदियों का सीना छलनी करने लगे जुटे हैं।
लक्सर के एक बड़े इलाके से गंगा और सोलानी नदी होकर गुजरती हैं। यह क्षेत्र खनन माफिया के लिए मुफीद साबित हो रहा है। भोगपुर रामपुर रायघटी, अलावलपुर बाड़ीटीप, निहंदपुर, सुल्तानपुर, रायसी, बालावाली, सैदाबाद, कानेवाली, लालपुर के आसपास के क्षेत्र में खनन माफिया बेखौफ होकर गंगा और बाण गंगा नदियों का सीना चीरकर खुलेआम अवैध खनन कर रहे हैं। रात के अंधेरे में खुलेआम जेसीबी मशीनें गरज रही हैं। खनन माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि ये पुलिस और वन विभाग के कर्मचारियों पर हमला करने तक से नहीं चूकते हैं। लक्सर क्षेत्र में वन विभाग के बीट अधिकारी और सेक्सन अधिकारी पर खनन माफिया की ओर से हमला करने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व भी कई बार खनन माफिया अधिकारियों से मारपीट कर कर चुके हैं। बावजूद इसके क्षेत्र में अवैध खनन बदस्तूर जारी है। बिना किसी के खौफ के खनन माफिया अवैध खनन कर सरकार को राजस्व का चूना लगा रहे हैं।
खनन के खेल में वर्चस्व की जंग
लक्सर क्षेत्र में कई वर्ष पूर्व खनन को लेकर छिड़ी वर्चस्व की जंग में एक की जान चली गई थी। खनन में लगे दो गुटों में हुई फायरिंग में रायसी के मोंटी की मौत हो गई थी। इतना ही नहीं अवैध खनन करने को लेकर भोगपुर क्षेत्र में माफिया के बीच में फायरिंग की सूचना भी लगातार पुलिस को मिलती रहती है। बावजूद इसके खनन माफियाओं पर कार्रवाई करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन रहा है।
अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाई गई है, इसके बावजूद कोई खनन करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-सोहन सिंह, एसडीएम लक्सर
लक्सर क्षेत्र में अवैध खनन की जानकारी मिलने पर तहसील प्रशासन की टीम को अवगत कराया जाता है। फिर राजस्व विभाग की टीम के साथ अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। अवैध खनन करने वालों को किसी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा।
-वीरेंद्र सिंह नेगी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक, लक्सर