इटावा। पुलिस मुठभेड़ में पकड़े गए साइबर बदमाशों को शहर के माल में खरीदारी करना भारी पड़ गया। मॉल में खरीदारी करने पर बदमाशों ने अपना मोबाइल नंबर दर्ज करा दिया था। इसी नंबर को सर्विलांस में लगाकर पुलिस उन तक पहुंच गई और अंतरराज्यीय गैंग को खुलासा कर दिया। बदमाशों के पास से एटीएम कार्ड, तमंचे और ठगी के पैसों से खरीदी गईं दो कार बरामद की गई हैं।
एसएसपी संतोष कुमार मिश्रा ने रविवार को पुलिस लाइन सभागार में साइबर अपराध करने वाले अंतरराज्यीय गैंग का खुलासा किया। एसएसपी ने बताया कि शहर के मित्रमपुरम निवासी दुर्गेश यादव ने अपने मौसा के खाते से शास्त्री चौक स्थित एटीएम में रुपये निकाले गए थे। इस दौरान कासगंज के सौरों थाना क्षेत्र के कटरा मठ निवासी अनीस गुप्ता , नगला झंदी निवासी विपिन कुमार पुत्र प्रेमनारायण और एटा कोतवाली क्षेत्र के रिवाड़ी निवासी सचिन कुमार पुत्र दिनेश कुमार एटीएम में घुस गए। रुपये निकालने में मदद के बहाने बदमाशों ने दुर्गेश का एटीएम बदल लिया।
एटीएम से खरीदारी का मैसेज आने पर दुर्गेश को ठगी की जानकारी हुई तो उसने एसएसपी से शिकायत की। इस पर सिविल लाइन पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
एसएसपी ने बताया कि शनिवार को मुखबिर की सूचना पर ख्वाजा रोड पर बिना नंबर की कार में सचिन और विपिन को दबोच लिया। उनके पास से भारी मात्रा में नए कपड़े, एटीएम कार्ड और 37500 रुपये बरामद हुए थे। दोनों ने पूछताछ में अनीस के भी शहर में मौजूद होने की जानकारी दी। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर दबिश देनी शुरू की। इस पर अनीश कार से भागा। पुलिस ने उसका पीछा किया तो डीपीएस स्कूल के पहले उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। बदमाश की बेकाबू कार पोल से टकरा गई। जवाबी कार्रवाई में अनीश के पैर में गोली लग गई।
पुलिस ने उसे दबोच कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एसएसपी ने बताया कि तीनों एटीएम में पैसा निकालने के मदद के बहाने लोगों के पासवर्ड देखने के साथ कार्ड भी बदल लेते थे। बाद में उसके खाते से ऑनलाइन खरीदारी किया करते थे। इस गैंग ने प्रदेश में फर्रुखाबाद, आगरा, एटा, हरदोई, लखनऊ के अलावा दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा के लोगों के कार्ड बदलने उनके खातों में मॉल, ज्वैलरी शॉप में खरीदारी के साथ एकाउंट में रुपये ट्रांसफर कर लेते थे।
अनीस ने ठगी से रुपयों से गाजियाबाद से पुरानी कार खरीदी थी। पुलिस ने बदमाशों के पास से दो कार, 42500 रुपये, 1 तमंचा 32 बोर, एक रिवाल्वर32 बोर, पांच कारतूस, दो खोखे, और सात एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। बरामद एटीएम कार्ड में एक कार्ड बदमाश विपिन कुमार का है।
इनसेट
बदमाशों के पास मिले इनके एटीएम कार्ड
1. राजस्थान के अलवर निवासी सुनील कुमार का इंडरसइंड बैंक का एटीएम कार्ड।
2. नई दिल्ली के 276 सी मस्जिद मोथ निवासी ओमवीर का आईबीडीआई बैंक का एटीएम कार्ड।
3. अलीगढ़ के दुर्गा नगर अंडा कॉलोनी निवासी सतीश पंडित का पीएनबी का एटीएम कार्ड।
4. हरियाणा के स्विच गियर गुरुग्राम निवासी एमएस गौरी का यूनियन बैंक का एटीएम कार्ड।
5. कासगंज के टिलसई खुर्द निवासी मानसिंह का यूनियन बैंक का एटीएम कार्ड।
6. एटा निवासी प्रदीप कुमार का आईडीबीआई बैंक का एटीएम कार्ड।
फोटो संख्या 39: साइबर ठगी गैंग का खुलासा एसएसपी संतोष कुमार मिश्रा ने किया।
फोटो संख्या 40: बदमाशों का शिकार बना शहर का दुर्गेश यादव।