इटावा। पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए मंडी समिति के पीछे एक कार से बेचने के लिए ले जाई जा रही 45 पेटियों में 2160 क्वार्टर देसी शराब बरामद की है। इसकी कीमत करीब एक लाख रुपये है। अवैध शराब का मुख्य आरोपी पुलिस को देखकर भागने में सफल रहा।
जसवंतनगर थाना पुलिस के वरिष्ठ उपनिरीक्षक कर्मवीर सिंह तालान व आबकारी निरीक्षक विमलेश यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि मंडी समिति से नगला विधि जाने वाले रास्ते पर एक कार के साथ नीरज उर्फ मनोज पुत्र जोर सिंह निवासी यादवनगर खड़ा है तथा गाड़ी में शराब की पेटियां भरी हैं। पुलिस मौके पर पहुंची तो नीरज भाग गया। पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें से 45 पेटी देसी शराब बरामद की। अरुणाचल प्रदेश की बनी हुई इस देसी शराब के कुल क्वार्टर 2160 बरामद हुए हैं। आबकारी इंसपेक्टर विमलेश यादव ने बताया प्रत्येक पेटी में 48 देसी क्वार्टर रखे थे। शराब को धोखाधड़ी करके अरुणाचल प्रदेश से यहां बेचने के लिए लाया गया है। पुलिस ने धारा 420 तथा 60/63 के तहत मामला दर्ज किया है। शराब के इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पुलिस खोजबीन में जुुटी है।