अमर उजाला ब्यूरो
इटावा। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बुलाकीपुरा के पास से बाइक चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। इन लोगों के पास से पुलिस ने चोरी की पांच बाइकों के अलावा दो अन्य बाइकें बरामद कीं, जिन्हें ये वारदात के समय काम में लाते थे। पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया है।
सिविल लाइन थाना में सीओ सिटी अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने पूरी कार्रवाई की जानकारी दी। बताया कि चौकी प्रभारी पूठन सकरौली राम वीर सिंह फोर्स के साथ गश्त पर थे। तभी उन्हें मुखबिर ने सूचना दी कि कुछ बाइक चोर चोरी की बाइकों को बेचने कचौरा रोड से भिंड की ओर जा रहे हैं। इस सूचना की जानकारी उन्होंने प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी को दी। इस पर उन्होंने पूरी टीम के साथ मुखबिर के बताए स्थान की घेराबंदी की। पुलिस को बाइकों से आते कुछ लोग दिखाई दिए, जिन्हें रुकने का इशारा किया गया तो वे भागने लगे।
पुलिस ने उन्हें धर दबोचा और जब बाइकों के कागजात मांगे तो वे नहीं दिखा सके। पूछताछ में उन्हाेंने अपने नाम अभिलाख उर्फ मिठाई लाल पुत्र रुआब सिंह निवासी नगला राम सुंदर थाना बलरई, सु़ख पाल उर्फ सुख्खे पुत्र शिवराम सिंह निवासी तम्हेरा थाना जसवंतनगर, संतोष पुत्र महेद्र सिंह निवासी अंडावली थाना बलरई, प्रियंक कुमार उर्फ टीटू पुत्र जयनारायण निवासी भीकन पुर थाना जसवंतनगर बताए। पुलिस ने थाने लाकर उन लोगों से पूछताछ की, तो उन्हाेंने बताया कि बाइकें चोरी की हैं। इन्हें बेचने के लिए भिंड जा रहे थे। सीओ सिटी ने बताया कि इनके पास से बरामद अपाचे का प्रयोग ये अन्य बाइकों को चुराने में करते है। इन बाइकों से दो लोग चलते हैं। जहां मौका मिला अपाचे से उतर कर बाइक चोरी की और भाग निकलते हैं। पूछताछ में पकडे़ गए लोगों ने बताया कि उन्हाेंने दो बाइकें जिला अस्पताल परिसर से व एक बाइक बड़ौदा बैंक के पास से चोरी की थी। दो बाइकों के बारे में पुलिस छानबीन कर रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बाइक चलाते थे और चोरी की बाइकों को पांच से सात हजार रुपए में बेच देते हैं। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि उन्होंने और कहां-कहां बाइकें बेची हैं। पकडे़ गए चोराें को जेल भेज दिया गया।
चोरी की पांच व चोरी में प्रयोग होने वाली दो अन्य बाइकें बरामद