इटावा। बकेवर क्षेत्र के महेवा स्थित शाह पेट्रोल पंप के पास चालक को झपकी आने से तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इससे कार चालक की मौत हो गई। पुलिस ने हादसे की सूचना कार चालक के परिजनों को दे दी है।
नई दिल्ली के लक्ष्मी नगर शंकरपुर निवासी सुभाष खंडेलवाल का बेटा सुमित (35) नई अर्टिगा कार की डिलीवरी देने के लिए दिल्ली से कानपुर जा रहा था। शनिवार देर रात वह बकेवर थाना क्षेत्र के महेवा बाईपास स्थित शाह पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, तभी झपकी आ गई। इससे कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। सुमित कार में फंस गया। सूचना पर पुलिस ने कार में फंसे चालक को बाहर निकाल कर अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्टर ने सुमित को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।