बसरेहर। यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर गांव चौपला के समीप ताखा की तरफ जा रही कार बाइक में टक्कर मारने के बाद पलट गई। हादसे में बाइक चालक की मौत और चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सैफई मेडिकल कालेज में भर्ती कराया है।
जसवंतनगर थाना क्षेत्र के सिरसा बीबामऊ गांव निवासी 45 वर्षीय सर्वेश कुमार अपनी रिश्ते में बहू कल्पना देवी (25) पत्नी सुनील कुमार के साथ चौबिया अपनी रिश्तेदारी में जा रहा था। चौबिया थाना क्षेत्र के चौपला गांव के पास यमुना एक्सप्रेसवे पर सामने से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से सर्वेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। कल्पना देवी और कार सवार तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को बसरेहर सीएचसी भेजा। चौबिया थाना प्रभारी अंकुश कुमार राघव ने बताया कि कल्पना की हालत गंभीर है। वहीं, स्कार्पियो सवार चालक समेत तीन लोगों को पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था।