घटना की जानकारी देते किसान रंगलाल
- फोटो : ETAWAH
इटावा। नकाबपोश बदमाशों ने किसान के घर पर धावा बोलकर लाखों का सामान लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने किसान पर गोली चला दी, लेकिन वह सुरक्षित रहा। बेटी के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। सीओ सिटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को मौके से कारतूस के दो खोखे मिले हैं।
इकदिल थाना क्षेत्र के कांकरपुर नहर की कोठी में बसे रायपुरा निवासी रंगलाल के घर पर बुधवार रात पांच असलहाधारी बदमाशों ने धावा बोल दिया। रंगलाल ने बताया कि तीन बजे रात के समय बदमाश घर के अंदर घुस आए और हाथ बांध दिए। बेटी ने विरोध किया तो उस पर हथौड़ी से हमला कर दिया। इससे उसके सिर में चोट आई। किसी तरह रंगलाल के हाथ खुल गए और उसने अपने बचाव के लिए पास में रखे हंसिए से उन पर हमला बोल दिया। इस पर बदमाश पीछे के दरवाजे से भागने लगे।
रंगलाल ने घर की छत पर जाकर बदमाशों पर पर ईंट चलानी शुरू कर दी। इस पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। रंगलाल ने बताया कि बदमाश आठ हजार रुपये नगद और सोने के जेवरात सहित एक लाख का सामान लूट ले गए। बदमाश भागने के बाद किसान ने पुलिस को सूचना दी। एसपी सिटी कपिल देव, सीओ सदर अमित सिंह व थानाध्यक्ष अल्मा अहिरवार पहुंचे। जांच के दौरान पुलिस को घर से सौ मीटर की दूरी पर गोली के दो खोखे, लोहे का एक हथियार और दो जोड़ी जूते मिले हैं।