इटावा। जिला जेल परिसर में डिप्टी जेलर पर 21 अगस्त को फायरिंग करने वाले दूसरे आरोपी को सिविल लाइन थाना पुलिस ने सोमवार सुबह लोहन्ना चौराहा के पास से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी रवि का भाई पुष्पेंद्र इटावा का नामी बदमाश है।
जेल परिसर में बने सरकारी आवास से डिप्टी जेलर सिब्ते हसन जाफरी 21 अगस्त की भोर करीब तीन बजे निकलकर जेल चेकिंग की ड्यूटी पर जा रहे थे। इस दौरान घर के सामने बरगद के पेड़ के पीछे घात लगाए खड़े चार नकाबपोश बदमाशों ने डिप्टी जेलर पर फायरिंग करनी शुरू कर दी थी।
डिप्टी जेलर ने अपने आवास में घुस कर अपनी जान बचाई थी। पुलिस को मौके से पिस्टल के तीन खाली कारतूस बरामद हुए थे। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने 23 अगस्त को शीलू पंडित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हमले में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही थी।
सोमवार को पुलिस ने हमला करने के दूसरे आरोपी बढ़पुरा के कैैस्त गांव निवासी रवि उर्फ रविशंकर को सोमवार सुबह लुहन्ना चौराहा के पास से गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी जीवाराम यादव ने बताया कि डिप्टी जेलर पर हमला करने वाले दूसरे आरोपी रवि उर्फ रविशंकर को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से 315 बोर का तमंचा व दो कारतूस भी बरामद हुए। पूछताछ में बताया कि रवि का भाई पुष्पेद्र को डिप्टी जेलर ने इटावा जेल से किसी दूसरी जेल में शिफ्ट कर दिया, इसके बाद से वह खुन्नस रखे था। पुष्पेद्र इटावा जिले का नामी बदमाश है।